सिटी पोस्ट लाइव
भोजपुर। बिहार राज्य ऑटो ई-रिक्शा टेम्पो चालक संघ, आरा की ओर से 12 सूत्रीय मांगों को लेकर भोजपुर जिलाधिकारी कार्यालय के सामने एकदिवसीय धरना दिया गया। इस धरना का नेतृत्व संघ के सचिव किरण प्रसाद ने किया। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग थी कि “एक नगर निगम, एक कूपन” की व्यवस्था लागू की जाए, जिससे टेम्पो और ई-रिक्शा चालकों को बार-बार अलग-अलग स्थानों पर शुल्क न देना पड़े। इसके अलावा, स्थायी टेम्पो और ई-रिक्शा स्टैंड बनाए जाने, स्टैंडों को अतिक्रमण मुक्त करने और नियमित सफाई की गारंटी देने की भी मांग उठाई गई।
साथ ही, सभी स्टैंडों पर किराया सूची लगाने, पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने जैसी जरूरतों पर भी जोर दिया गया। धरना को संबोधित करते हुए भाकपा-माले के जिला कार्यालय सचिव दिलराज प्रीतम ने आरोप लगाया कि आरा नगर निगम के कर्मचारी, अधिकारी और मेयर की मिलीभगत से टेम्पो चालकों से जबरन अवैध वसूली की जा रही है। नगर निगम के वसूलीकर्ता और ठेकेदार, प्राइवेट लोगों की मदद से मनमाने तरीके से टेम्पो चालकों से शुल्क वसूल रहे हैं, लेकिन इसके बदले कोई सुविधा नहीं दी जा रही।
दिलराज प्रीतम ने आगे कहा कि टेम्पो और ई-रिक्शा चालकों को आए दिन पुलिस और असामाजिक तत्वों द्वारा प्रताड़ित किया जाता है। कई मामलों में चालकों के साथ मारपीट और हत्या तक की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन जिला प्रशासन सुरक्षा देने में असफल रहा है। वक्ताओं ने साफ किया कि अगर प्रशासन “एक नगर निगम, एक कूपन” व्यवस्था लागू नहीं करता तो बिहार राज्य ऑटो ई-रिक्शा टेम्पो चालक संघ बड़े स्तर पर हड़ताल करेगा। धरना समाप्त होने के बाद पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने भोजपुर जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया से मुलाकात कर 12 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।