सिटी पोस्ट लाइव :लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव के आदेश पर होली के दिन वर्दी में डांस करनेवाले सिपाही को निलंबित कर दिया गया है. पटना SSP राजीव मिश्रा ने बताया कि पुलिस गार्ड को पुलिस लाइन में उपस्थित होने का आदेश दिया गया है. उसके जगह पर दूसरे जवान की तैनाती की गई है. बिहार पुलिस ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए कार्रवाई की है. तेज प्रताप के खिलाफ बिना हेलमेट स्कूटर चलाने को लेकर भी पटना पुलिस चालान जारी करने जा रही है.
तेज प्रताप यादव ने होली मनाते हुए होली का गीत गाया और बिहार पुलिस के जवान को धमकी देते हुए ठुमके भी लगवाए. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इस वायरल वीडियो में तेज प्रताप यादव धमकी देते हुए नजर आ रहे हैं. तेज प्रताप यादव ने कहा कि दीपक ठुमके लगाओ वरना सस्पेंड कर दिए जाओगे. मजबूरी में तेज प्रताप यादव की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मी ने ठुमके भी लगाए. अब इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की भी किरकिरी हो रही है.
इस मामले पर अब लोग यह कह रहे हैं कि तेज प्रताप यादव और राजद सुप्रीमो के बड़े बेटे सत्ता जाने के बाद भी हनक बनाए हुए हैं.जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्य सभा सांसद संजय झा ने कहा कि ‘सोच लीजिये कि उस पार्टी का क्या हाल है, किस तरीके से वह पार्टी चलती रही है. बिहार की जनता सब देख रही है. संजय झा ने कहा कि 20 साल से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूरा कल्चर बदल दिया जब लोग वोट देने जाते हैं तो वह काम पर वोट देने जाते हैं. काम करने वाले कौन लोग हैं, क्या काम किया है, इसपर लोग वोट देने जाते हैं और उसी रंग पर वोट पड़ेगा इस बार.