सिटी पोस्ट लाइव : मोतिहारी में वाहन जांच के दौरान दंपत्ति से बदसलूकी, महिला के साथ छेड़खानी करनेवाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ डीआईजी हरि किशोर राय ने बड़ी कार्रवाई कर दी है. छतौनी थाना के थानाध्यक्ष पीएसआई अमरजीत कुमार, अपर थानाध्यक्ष पीएसआई आरिफ हुसैन, पीएसआई इंद्रकांत कुमार और पीएसआई मोहिनी कुमारी को निलंबित कर दिया गया है.होमगार्ड जवान सुरेंद्र साह का अनुबंध समाप्त करने की अनुशंसा जिला समादेष्टा होमगार्ड, मोतिहारी को भेजी गई है. पुलिसवालों ने छतौनी थाना क्षेत्र के बरियारपुर में अनुराधा कुमारी को जिस तरह से घसीट कर अपनी गाडी में बैठाया था उससे पूरा पुलिस महकमा शर्मसार हो गया था. अपने पति पिंटू कुमार के साथ बाइक से बनकर भीतहा लौट रही इस महिला के साथ जो पुलिसवालों ने किया था वैसा व्यवहार तो कोई खूंखार अपराधी भी करने में शर्म मह्सुश करेगा.
अंधेरे में खड़ी पुलिस टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की थी. बाइक आगे निकल जाने पर पुलिसकर्मियों ने दम्पति को डंडा दिखाते हुए आईकार्ड मांगा. पति द्वारा अपना गुनाह पूछने पर पुलिसकर्मी भड़क गए. पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने उनके और उनके पति के साथ मारपीट की. हंगामे की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने विरोध कर रही महिला को घसीट कर जबरन थाने की गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया. ग्रामीणों ने इसका विरोध किया. घटना का वीडियो वायरल होने और जनता के बीच बढ़ते आक्रोश के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की.महिला के साथ इस दुर्व्यवहार की वारदात ने पुलिसिंग पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.सबके जेहन में ये सवाल उठ रहा है- क्या पुलिस गुंडागर्दी पर उतर गई है? पुलिस महिला सुरक्षा के लिए खतरा बन गई है ? क्या कोई पुरुष पुलिसकर्मी इस तरह से किसी महिला को घसीट कर अपनी गाडी पर बिठा सकता है? रात के अँधेरे में ,किसी सुन्शान जगह पर ऐसी पुलिस को देखकर क्या महिलायें अपने को सुरक्षित मह्सुश करेगीं?