सिटी पोस्ट लाइव
पटना: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और राष्ट्रीय जनता दल के विधायक तेज प्रताप ने ऐलान किया था कि वे महुआ विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे। उसके एक दिन के बाद महुआ के राजद विधायक मुकेश रोशन का रोने का वीडियो सामने आया था। कहा जा रहा था कि तेजप्रताप के महुआ से चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद विधायक मुकेश रोशन को अपनी सीट जाती दिखी और इसी से दुखी होकर वे रोने लगे।
अब आज इस पूरे मामले में नया मोड़ आया है। आज राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव महुआ के विधायक मुकेश रोशन को अपनी गाड़ी में लेकर जाते दिखे। लालू यादव महुआ विधायक मुकेश रोशन को अपनी गाड़ी में साथ लेकर महुआ गए और वहां वे एक निजी अस्पताल के उद्घाटन में हिस्सा लेंगे।
अब राजनीति के जानकार इसका सियासी मतलब निकालने में जुटे हुए हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि महुआ विधायक मुकेश रोशन को अपने साथ गाड़ी में ले जाकर लालू यह मैसेज देना चाहते हैं कि तेज प्रताप के महुआ से चुनाव लड़ने के ऐलान को गंभीरता से लेने की ज़रूरत नहीं है।
क्या लालू यह संदेश देना चाहते हैं कि मुकेश रोशन ही अगले विधानसभा चुनाव में महुआ से राजद के प्रत्याशी होंगे और क्या लालू के ऐसा करने से उनके बेटे तेजप्रताप यादव की इमेज कमज़ोर नहीं होगी। पहले ही तेजप्रताप अपने बयानों को लेकर विवादों में रहते हैं। ऐसे में क्या लालू यह मैसेज देने की कोशिश कर रहे हैं कि तेजप्रताप के बयानों को गंभीरता से लेने और इन पर रोना-धोना मचाने की ज़रूरत नहीं है।
उधर, खबर यह भी है कि तेजप्रताप ने महुआ विधानसभा में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। ऐसे में सियासी जानकार यह सवाल भी उठा रहे हैं कि क्या लालू के मना करने पर तेजप्रताप आसानी से अपना मन बदल लेंगे और महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने से पीछे हट जाएंगे। इसे लेकर लालू परिवार में विवाद भी हो सकता है, क्योंकि तेजप्रताप कई बार अपनी जिद पर अड़ जाने के लिए भी जाने जाते हैं। देखना यह है कि लालू महुआ सीट को लेकर तेजप्रताप को कैसे संभालते हैं।