सिटी पोस्ट लाइव
बक्सर। डुमरांव बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया। मामला ब्रह्मपुर के वार्ड संख्या 7 का है, जहां रविवार देर शाम जन्मदिन समारोह के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। दूसरे पक्ष ने डीजे बंद करने की मांग की, लेकिन सहमति न बनने पर विवाद शुरू हो गया। प्रारंभिक हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया, लेकिन सोमवार सुबह स्थिति हिंसक झड़प में बदल गई। इसमें एक पक्ष के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया और बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया। डीएम अंशुल अग्रवाल, एसपी शुभम आर्य और डुमरांव एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और हालात को नियंत्रित करने के लिए फ्लैग मार्च किया।

थाने का घेराव और उग्र प्रदर्शन
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाना का घेराव किया और सड़क पर टायर जलाकर यातायात बाधित कर दिया। पुलिस के सक्रिय हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में आई। ब्रह्मपुर थाने में शांति समिति की बैठक बुलाई गई, जिसमें दोनों पक्षों के गणमान्य नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की गई।

पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई
एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी ने बताया कि रविवार की शाम हुई झड़प के बाद भी पुलिस मौके पर तैनात थी, लेकिन सोमवार सुबह दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए, जिससे हिंसा भड़क गई। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। एसपी शुभम आर्य ने बताया कि अफवाहों के कारण विवाद और बढ़ गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फ्लैग मार्च किया गया और माहौल शांत करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम अंशुल अग्रवाल ने कहा कि पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैनात है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।