सिटी पोस्ट लाइव : बिहटा एयरपोर्ट से यात्री विमानों का परिचालन अगले दो साल में शुरू हो जाएगा.पटना एयरपोर्ट के पूर्व निदशेक अतुल दीक्षित के अनुसार अभी देश में दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, हैदराबाद, बेंगलुरु और नोएडा में दो एयरपोर्ट हैं. मुंबई में नया एयरपोर्ट बन रहा है. बिहटा एयरपोर्ट शुरू होने के साथ इनकी तरह पटना भी दो एयरपोर्ट वाला जिला हो जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन 4 मई को कर सकते हैं. साथ ही बिहटा एयरपोर्ट में नए निर्माण के लिए शिलान्यास भी होगा.
बिहटा एयरपोर्ट का निर्माण शुरू करने की तैयारी लगभग पूरी हो गई है. इसके लिए 116 एकड़ जमीन उपलब्ध है. जिला प्रशासन ने इसमें 108 एकड़ जमीन पहले उपलब्ध करा दी थी. पिछले महीने सिविल इन्क्लेव निर्माण के लिए विशंभरपुर में 8.445 एकड़ अतिरिक्त जमीन उपलब्ध करा दी है. लघु जल संसाधन विभाग के इंजीनियरों को स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम के निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.रनवे की लंबाई 8000 फीट से बढ़ाकर 12000 फीट करने के लिए जमीन अधिग्रहण पर जल्द निर्णय लिया जाएगा. जिला प्रशासन ने बिहटा एयरपोर्ट के पूरब और पश्चिम 191 एकड़ जमीन अधिग्रहण का सरकार को प्रस्ताव सौंपा है. इसके साथ ही पैरेलल टैक्सी ट्रैक के निर्माण के लिए जमीन का अधिग्रहण करना है.
पटना एयरपोर्ट का नया टर्मिनल भवन भी बनकर तैयार हो गया है. नए टर्मिनल भवन से विमानों की उड़ान शुरू होने के बाद पटना एयरपोर्ट की सालाना क्षमता एक करोड़ यात्रियों की हो जाएगी. अभी करीब 30 लाख की है. विमानों की तादाद 45 जोड़ी से बढ़कर 75 जोड़ी हो सकती है. 1400 करोड़ की लागत से बने टर्मिनल भवन में एआई टेक्नॉलाजी का इस्तेमाल होगा. नया भवन जी प्लस वन है. ग्राउंड फ्लोर फ्लाइट से आने वाले यात्रियों के लिए होगा.फर्स्ट फ्लोर पर फ्लाइट से जाने वाले यात्रियों के लिए होगा.