सिटी पोस्ट लाइव: शिवहर जिले के नवाब हाई स्कूल मैदान में आज 78 होमगार्ड जवानों की बहाली के लिए शारीरिक परीक्षण की प्रक्रिया शुरू हुई। इस बहाली के लिए 2328 पुरुष और 571 महिला अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मैदान में बहाली प्रक्रिया को सुचारु रूप से चलाने के लिए विभिन्न टेबल लगाए गए हैं। इन टेबलों पर रजिस्ट्रेशन, दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप और गोला फेंक जैसी शारीरिक परीक्षाएं कराई जा रही हैं। हर टेबल पर एक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवे अन्य वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया की निगरानी होमगार्ड के डीएसपी गौतम कुमार द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया कि कुल 78 पदों के लिए चयन होना है, लेकिन मैदान में लगभग 2900 अभ्यर्थी मौजूद हैं, जिससे प्रतियोगिता काफी कड़ी हो गई है।
होमगार्ड की बहाली प्रक्रिया में चार चरण होते हैं — ऑनलाइन आवेदन, शारीरिक परिक्षण, लिखित परीक्षा और दस्तावेज़ सत्यापन। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होती है, जिसमें उम्मीदवारों को फॉर्म भरने के साथ-साथ सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होते हैं।
शारीरिक परिक्षण में अभ्यर्थियों की दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप, हाइट, चेस्ट और वजन की जांच की जाती है। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा देनी होती है जिसमें सामान्य ज्ञान, हिंदी और अन्य विषयों से जुड़े प्रश्न होते हैं। अंतिम चरण में दस्तावेज़ों का सत्यापन किया जाता है।
बहाली प्रक्रिया को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। हालांकि मात्र 78 पदों के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की भागीदारी के कारण अधिकांश को निराशा हाथ लग सकती है। बावजूद इसके, पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया ने चयन को लेकर विश्वास बनाए रखा है।