सिटी पोस्ट लाइव
विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संरक्षक मुकेश सहनी ने आज पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने खगड़िया मुखिया संघ के अध्यक्ष अनिल सिंह को पार्टी में शामिल कर सदस्यता दिलाई और दावा किया कि बिहार की सत्ता अब बदलाव की ओर बढ़ रही है।
मुकेश सहनी ने कहा कि महागठबंधन पूरी मजबूती से 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। सीटों के बंटवारे को लेकर अभी आंतरिक बैठकें चल रही हैं, जिनमें सभी घटक दल शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीटों को लेकर जो भी निर्णय होगा, वह तेजस्वी यादव की अगुवाई में बनी कोऑर्डिनेशन कमेटी द्वारा जल्द सार्वजनिक कर दिया जाएगा।
नीतीश सरकार पर जमकर हमला
मुकेश सहनी ने कहा, “बिहार की सरकार अब ICU में पहुंच गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अस्वस्थ हैं, फिर भी कुर्सी से चिपके हुए हैं।” उन्होंने राज्य में बढ़ती अपराध, बलात्कार और भ्रष्टाचार की घटनाओं को लेकर सरकार को घेरा और कहा कि ट्रांसफर-पोस्टिंग पूरी तरह से पैसे के खेल में बदल चुका है। उन्होंने आरोप लगाया, “किसी मंत्री के बंगले के बाहर खड़े अफसर की जेब चेक करिए, पैसे ही पैसे मिलेंगे।” सहनी ने दावा किया कि बिहार में अब आम जनता जागरूक हो गई है और आने वाले चुनाव में महागठबंधन की सरकार बनेगी।
‘दामाद आयोग’ और RSS पर निशाना
मुकेश सहनी ने आयोगों में की जा रही नियुक्तियों को लेकर भी सरकार पर तंज कसा और कहा, “अब तो आरएसएस कोटा आ गया है। सब अपने दामादों और पत्नियों को सेट करने में लगे हैं।” उन्होंने कहा कि आयोग संवैधानिक संस्थाएं हैं और अगर इन पर आरएसएस से जुड़े लोग बैठेंगे तो वे सिर्फ एजेंडा आधारित काम करेंगे, जनता के मुद्दों को नहीं उठाएंगे। सहनी ने विकास की तुलना करते हुए कहा कि 2014 में गुजरात की गरीबी दर 16% थी जो घट गई है, लेकिन बिहार की गरीबी दर बढ़कर 37% हो गई है, जो चिंता का विषय है।
चुनावी माहौल में VIP की सक्रियता
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के ज़रिए मुकेश सहनी ने संकेत दिया है कि VIP बिहार की राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराना चाहती है। वे महागठबंधन के भीतर समान भागीदारी और सम्मानजनक सीटों की मांग कर रहे हैं, और राज्य सरकार को भ्रष्टाचार व प्रशासनिक विफलता के मुद्दे पर घेर रहे हैं।