चुनाव आयोग से मिला ‘स्कूल बैग’ सिंबल, शिक्षा को बताया बदलाव की चाबी
सिटी पोस्ट लाइव
जन सुराज के संस्थापक और रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने एक बार फिर तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। चुनाव आयोग द्वारा जन सुराज को ‘स्कूल बैग’ (बसता) चुनाव चिन्ह दिए जाने के बाद उन्होंने इसे पार्टी की विचारधारा का प्रतीक बताया। प्रशांत किशोर ने कहा, “स्कूल का बसता ही बिहार की अशिक्षा और गरीबी खत्म करने का रास्ता है। जन सुराज की सोच है कि अब बिहार के बच्चे बोडा (गठरी) नहीं, स्कूल का बैग लेकर स्कूल जाएंगे।”
प्रशांत किशोर ने शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि “स्कूल का बैग, बिहार की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव लाने का प्रतीक है। हमें कलम नहीं, शिक्षा बांटनी है। कलम और कॉपी बांटने से शिक्षा नहीं आती, उसके लिए मजबूत स्कूल और गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई जरूरी है।”
तेजस्वी यादव के छात्र समागम कार्यक्रम पर टिप्पणी करते हुए प्रशांत किशोर ने तंज कसा, “उसी कलम से तेजस्वी यादव को दसवीं की परीक्षा पास करनी चाहिए, ताकि युवाओं को भरोसा हो। आज सामान्य परिवार के पढ़े-लिखे बच्चे बेरोजगार घूम रहे हैं, मजदूरी कर रहे हैं और एक नौवां फेल नेता का बेटा कलम बांटकर बिहार का राजा बनना चाहता है।”
प्रशांत किशोर के इस बयान ने बिहार की सियासत में एक बार फिर गर्मी ला दी है और आने वाले चुनावों में शिक्षा और नेतृत्व योग्यता पर बहस को तेज कर दिया है।