लोकसभा में पेश हुआ नया बिल नीतीश-नायडू के लिए लाया गया है: तेजस्वी यादव

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, आज अपनी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में भाग लेने के लिए पटना से शेखपुरा, सिकंदरा, जमुई और मुंगेर के लिए रवाना हो गए हैं। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा लोकसभा में लाए गए एक नए बिल और बिहार के राजनीतिक हालात पर बड़ा बयान दिया।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए, तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार के उस नए बिल पर तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसके तहत हिरासत में लिए गए या जिन पर आरोप लगे हैं, उन्हें अपना पद छोड़ना पड़ेगा। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि यह बिल सीधे तौर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को निशाना बनाने के लिए लाया गया है। उन्होंने कहा, “ये लोग (भाजपा) ब्लैकमेल करना जानते हैं। ये लोग नहीं चाहते कि देश आगे बढ़े। ये सीधे तौर पर ब्लैकमेल की राजनीति कर रहे हैं।” उन्होंने केंद्र सरकार पर देश को बनाने के बजाय बिगाड़ने का काम करने का आरोप लगाया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

तेजस्वी ने आगामी चुनावों में नीतीश कुमार के फिर से मुख्यमंत्री बनने की संभावना को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “सवाल ही नहीं है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनेंगे, क्योंकि बिहार की जनता ने मन बना लिया है। इन लोगों की विदाई का समय आ गया है।” उन्होंने बिहार में अपराध, पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की खराब स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि जनता सब कुछ देख रही है।

‘वोटर अधिकार यात्रा’ को मिल रहा भारी जनसमर्थन

अपनी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के बारे में बात करते हुए, तेजस्वी ने कहा कि इस यात्रा को भारी जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस यात्रा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और चुनाव आयोग का पर्दाफाश हो गया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक लंबे अरसे बाद अल्पसंख्यक संवाद में भाग लेने पर, तेजस्वी ने कहा कि इससे कोई फायदा नहीं होगा क्योंकि जनता ने अपना मन बना लिया है और अब कुछ भी नहीं होने वाला है। तेजस्वी यादव का यह बयान बिहार की राजनीति में एक नए टकराव का संकेत देता है, जहां ‘इंडिया’ गठबंधन और एनडीए के बीच चुनावी लड़ाई तेज होती जा रही है।

Share This Article