किशनगंज: पुलिस पर हमला कर 15 लाख चोरी का आरोपी छुड़ाया, महिला एएसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के किशनगंज जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बड़ी घटना सामने आई है। खगड़ा रेड लाइट एरिया में रविवार को पुलिस पर उस वक्त हमला किया गया, जब वह 15 लाख रुपये की चोरी के आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची थी। इस हमले में एक महिला एएसआई सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ ने आरोपी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया।

घटना तब हुई जब टाउन थाने की पुलिस टीम 26 अगस्त को हुई चोरी के मामले में आरोपी कादिर को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन उसी वक्त उसके परिजन और स्थानीय ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। महिलाओं की एक बड़ी भीड़ ने महिला एएसआई पुष्पांजलि भारती को चारों तरफ से घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस दौरान पुलिसकर्मियों पर झाड़ू, चप्पल और डंडों से भी हमला किया गया, जिससे तीन प्रशिक्षु एएसआई सुधीर कुमार, प्रदीप कुमार और नीतीश कुमार भी घायल हो गए।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पुलिस की टीम को हमले के बाद पीछे हटना पड़ा, जिसका फायदा उठाकर आरोपी कादिर को भीड़ ने छुड़ा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ वन गौतम कुमार और सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल से एक आरोपी महिला शहनाज बेगम को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।

एसडीपीओ गौतम कुमार ने मीडिया को बताया कि घायल पुलिसकर्मियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा, “हम सीसीटीवी फुटेज और वीडियो फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।” एसडीपीओ ने यह भी बताया कि आरोपी कादिर और उसका परिवार शराब और ड्रग्स की तस्करी में भी शामिल है। पुलिस की टीम चोरी के मामले में उसे गिरफ्तार करने गई थी, लेकिन उसके परिजनों ने पुलिस पर हमला कर कानून को अपने हाथ में ले लिया।

यह घटना 26 अगस्त को शहर के विकास गुप्ता के घर से 15 लाख रुपये के जेवरात और नकदी की चोरी से जुड़ी है। इस संबंध में सदर थाने में कांड संख्या 485/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस की जांच में कादिर का नाम सामने आया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही थी। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा और अपराधियों के बीच बढ़ते साहस को उजागर किया है।

Share This Article