अजमेर से पीएम मोदी ने शुरू किया राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान, 14 वर्षीय बालिकाओं को मुफ्त वैक्सीन

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। यह अभियान 14 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इस पहल के तहत पात्र बालिकाओं को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की बेटियों के स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार हर संभव कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि यह अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी लिखा कि सरकार देश की बेटियों को स्वस्थ और समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह राष्ट्रीय स्तर का निवारक स्वास्थ्य अभियान हर वर्ष लगभग 1.15 करोड़ 14 वर्षीय बालिकाओं को कवर करेगा। यह कार्यक्रम सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लागू किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के माध्यम से महिलाओं में कैंसर से होने वाली बीमारियों और मृत्यु दर को कम करना है।

यह अभियान “स्वस्थ नारी” के विजन के अनुरूप है, जिसमें रोकथाम, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में समानता पर विशेष जोर दिया गया है। टीकाकरण सत्र आयुष्मान आरोग्य मंदिर (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप-जिला और जिला अस्पतालों के साथ-साथ सरकारी मेडिकल कॉलेजों में आयोजित किए जाएंगे।

प्रत्येक टीकाकरण केंद्र पर प्रशिक्षित चिकित्सा अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी तैनात रहेंगे। वैक्सीन की सुरक्षित भंडारण और आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर कोल्ड चेन पॉइंट स्थापित किए गए हैं। साथ ही, किसी भी दुर्लभ प्रतिकूल प्रभाव (AEFI) की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए 24×7 सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों से इन्हें जोड़ा गया है।

सरकार का मानना है कि यह अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के मामलों में उल्लेखनीय कमी लाने में मदद करेगा।

Share This Article