नहाय-खाय से पारण तक: रघुनाथगंज सूर्य मंदिर में कैसे मना लोक आस्था का महापर्व छठ,देखिए फोटो…

Ritu Raj

लोक आस्था, अटूट विश्वास और प्रकृति उपासना का चार दिवसीय महापर्व ‘छठ’ मंगलवार को उदितमान भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के साथ ही हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। जहानाबाद जिले के रघुनाथगंज सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित इस महापर्व में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े, जिससे पूरा क्षेत्र छठी मैया के गीतों और भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

चार दिनों का कठिन अनुष्ठान;
महापर्व की शुरुआत ‘नहाय-खाय’ से हुई थी, जिसके बाद व्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू किया। सोमवार की संध्या को व्रतियों ने अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। मंगलवार सुबह तड़के ही रघुनाथगंज सूर्य मंदिर के घाटों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जैसे ही भगवान भास्कर की पहली किरण दिखाई दी, व्रतियों ने दूध और जल से अर्घ्य देकर संतान की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

प्रकृति और सामाजिक समरसता का प्रतीक;
इस अवसर पर रघुनाथगंज सूर्य मंदिर समिति की अध्यक्ष और बिहार की सुप्रसिद्ध लोक गायिका डॉ. नीतू कुमारी नवगीत ने पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा- “छठ महापर्व पूरी तरह प्रकृति को समर्पित है। इसमें उपयोग होने वाले सूप, फल, गन्ना और मिट्टी के चूल्हे जल संरक्षण और पर्यावरण के प्रति हमारे सम्मान को दर्शाते हैं। यह पर्व ऊंच-नीच के भेदभाव को मिटाकर सामूहिक पूजा का एक अद्भुत उदाहरण पेश करता है।” उन्होंने लोकगीतों की भूमिका को रेखांकित करते हुए बताया कि नहाय-खाय से लेकर पारण तक, हर विधि के लिए विशिष्ट लोकगीत हमारी सांस्कृतिक धरोहर का हिस्सा हैं।

समिति और प्रशासन की सक्रियता;
छठ व्रतियों की सुविधा के लिए रघुनाथगंज छठ पूजा समिति ने पुख्ता इंतजाम किए थे। घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर स्थानीय प्रशासन का भी भरपूर सहयोग मिला। समिति के सदस्यों ने सुनिश्चित किया कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।

आयोजन की सफलता में इनका रहा प्रमुख योगदान;
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष अनुज कुमार, कोषाध्यक्ष मंटू कुमार, और सचिव दीपु कुमार के साथ-साथ राजेश्वर प्रसाद, अजय प्रसाद, शंकर प्रसाद, उदय प्रसाद, सुनील प्रसाद, पुरुषोत्तम कुमार, गौतम कुमार, चंदन कुमार, सलमान कुमार, मुकेश कुमार, धीरज कुमार, विक्रांत कुमार, बिट्टू कुमार, सुधीर कुमार, मन्नू और निक्कू कुमार जैसे युवाओं व गणमान्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share This Article