बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने पहले आधिकारिक दौरे पर दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला दिल्ली दौरा है। जानकारी के मुताबिक, वे आज शाम 4 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रधानमंत्री आवास पर मुलाकात करेंगे।
पीएम से होगी अहम चर्चा;
सूत्रों के अनुसार, इस मुलाकात में राज्य के विकास, केंद्र-राज्य सहयोग और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है। यह बैठक इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि बिहार में पहली बार बीजेपी कोटे से कोई मुख्यमंत्री बना है। मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी की प्रधानमंत्री से यह पहली मुलाकात होगी। खबर यह भी है कि वे गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व से भी मिल सकते हैं।
शपथ के बाद से एक्टिव मोड में;
शपथ लेने के बाद से ही सम्राट चौधरी लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं और कई अहम बैठकों में हिस्सा ले चुके हैं। पदभार संभालने के दूसरे ही दिन वे तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य की खुशहाली और शांति के लिए अरदास की। गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से उन्हें पारंपरिक सम्मान भी दिया गया।
महिलाओं की सुरक्षा पर सख्त रुख;
सोमवार को पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने साफ कहा कि महिलाओं के साथ गलत करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें सख्त सजा दी जाएगी।