सिटी पोस्ट लाइव : भोजपुरी गायक रितेश पांडे शुक्रवार को जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हो गए. पांडे ने एक हिंदी गीत गाया, जिसमें ‘राज्य में सभी को रोजी रोटी मिले’ सुनिश्चित करने की जन सुराज पार्टी की आकांक्षा को रेखांकित किया गया है. रितेश पांडे, जिन्हें उनके सुपरहिट गानों जैसे हैलो कौन और पियवा से पहिले हमार रहलू के लिए जाना जाता है, अब बिहार के विकास के लिए नई भूमिका में नजर आएंगे.रितेश पांडे का जन्म 14 मई 1991 को बिहार के सासाराम में हुआ था. उन्होंने 2010 में अपने गायन करियर की शुरुआत भोजपुरी एल्बम से की थी और ‘बलमा बिहार वाला 2’ (2016) और ‘तोहरे में बसेला प्राण’ (2017) जैसी फिल्मों में अभिनय कर शौहरत हासिल की.
उनके गाने ‘हैलो कौन’ ने यूट्यूब पर 100 करोड़ से अधिक व्यूज हासिल किए, जो भोजपुरी सिनेमा में एक रिकॉर्ड है. इसके अलावा, उनके कई गाने जैसे ‘लवंडिया लंदन’ से लाएंगे और ‘गोरी तोहर चुनरी बा लाल’ ने भी सोशल मीडिया पर धूम मचाई.2024 में रितेश ने भभुआ विधानसभा से चुनाव लड़ने का ऐलान किया था और अपने कार्यालय का उद्घाटन भी किया. उन्होंने कहा, “मैं इस क्षेत्र का बेटा हूं, नेता या गायक नहीं. मेरा लक्ष्य बिहार में शिक्षा के स्तर को बेहतर करना है. उन्होंने जनसुराज पार्टी के साथ जुड़कर बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अपनी सक्रिय भागीदारी की घोषणा की. उनके इस कदम को बिहार की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि उनकी लोकप्रियता और फैन फॉलोइंग युवा वोटरों को आकर्षित कर सकती है.
उन्होंने 14 मई 2021 को डॉ. वैशाली पांडे से शादी की थी, और उनका एक बेटे हैं. उनकी पत्नी वैशाली ने अपने पति के नाम का टैटू बनवाकर सुर्खियां बटोरी थीं. रितेश की इस नई राजनीतिक पारी को लेकर उनके फैंस उत्साहित हैं और सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयां दे रहे हैं.