सिटी पोस्ट लाइव
भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने बिहार दौरे पर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाएं आज भी आधुनिक भारत में सैनिटरी पैड के बजाय कपड़े इस्तेमाल करने को मजबूर हैं, जिससे वे गंभीर बीमारियों की शिकार हो रही हैं। इसके लिए महिला कांग्रेस ने जिम्मेदारी लेने का फैसला किया है।
अलका लांबा ने बताया कि महंगाई और बेरोजगारी के कारण महिलाएं पीड़ित हैं और राज्य सरकार की निष्क्रियता के चलते स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित हैं। उन्होंने घोषणा की कि महिला कांग्रेस आने वाले दो दिनों में बिहार की एक लाख महिलाओं को मुफ्त में सैनिटरी पैड वितरित करेगी और विभिन्न जिलों में सैनिटरी वेंडिंग मशीन लगाएगी।
उन्होंने इस मुद्दे पर सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि “जब हाईकोर्ट ने सरकार को सैनिटरी पैड मशीन लगाने का निर्देश दिया था, तब उन्होंने कुछ नहीं किया। अब जब कांग्रेस यह जिम्मेदारी उठा रही है, तो सरकार बौखला गई है।” इस अभियान के तहत वितरित किए जा रहे डिब्बों पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, महिला कांग्रेस नेताओं और स्थानीय विधायकों की फोटो भी लगाई जा रही है। इस पर उठे विरोध के सवाल पर अलका लांबा ने कहा, “अगर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री भी इसमें जुड़ना चाहते हैं, तो उनके फोटो भी लगा देंगे, बस आदेश दे दें।”
उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि “जो काम सरकार नहीं कर पा रही, वह महिला कांग्रेस कर रही है। जब तक कांग्रेस की सरकार नहीं बनती, तब तक महिला कांग्रेस मुफ्त में सैनिटरी पैड बांटती रहेगी।” अलका लांबा ने इसे महिलाओं के स्वास्थ्य, गरिमा और अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया और कहा कि यह राजनीति से ऊपर का विषय है, लेकिन कुछ लोग राहुल गांधी के नाम पर राजनीति कर रहे हैं, ताकि असली मुद्दों से ध्यान हटाया जा सके।