पटना के बीएन कॉलेज हॉस्टल में शराब पार्टी, पुलिस की छापेमारी में पांच छात्र गिरफ्तार

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

पटना: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद, बीएन कॉलेज के हॉस्टल में देर रात शराब पार्टी का आयोजन किया गया था, जिसे पुलिस ने छापेमारी करके नाकाम कर दिया। यह छापेमारी गणतंत्र दिवस और सरस्वती पूजा के अवसर पर की गई। पुलिस की अचानक छापेमारी से हॉस्टल में अफरातफरी मच गई और छात्र भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने रंगे हाथ शराब पीते हुए पांच छात्रों को गिरफ्तार कर लिया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार छात्रों के पास से छह बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। इन छात्रों ने शराब के नशे में मस्ती करने के बाद, पुलिस को देखकर माफी की गुहार लगाई और पुलिस से अनुरोध किया कि उन्हें छोड़ दिया जाए, ताकि उनका भविष्य और करियर बर्बाद न हो। हालांकि, पुलिस ने उनकी एक भी नहीं सुनी और उन्हें गिरफ्तार करके थाने ले आई। पुलिस ने छापेमारी के दौरान हॉस्टल के सभी कमरों की तलाशी ली। इस दौरान जैक्सन और मिंटो हॉस्टल के कमरों को भी खंगाला गया, लेकिन वहां किसी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली।

इस मामले में टाउन डीएसपी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार छात्रों का ब्रेथ एनलाइज़र से टेस्ट किया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। गिरफ्तार छात्रों को पीरबहोर थाना लाकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बिहार सरकार द्वारा राज्य में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद इस प्रकार की घटनाएं सामने आना, पुलिस के लिए एक चुनौती बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि वे ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई करेंगे ताकि शराबबंदी कानून को लागू किया जा सके और समाज में सकारात्मक बदलाव आ सके।

Share This Article