सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि अब राज्य की विधवा महिलाओं, वृद्धजन और दिव्यांगजनों को प्रति माह ₹400 की जगह ₹1100 की पेंशन दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान की, और इसके तुरंत बाद उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इसकी जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह राशि हर महीने की 10 तारीख को सीधे लाभार्थियों के खाते में भेजी जाएगी, जिससे वितरण में पारदर्शिता और समयबद्धता बनी रहे। इस योजना का लाभ करीब 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लोगों को मिलेगा, जिससे यह राज्य की सबसे बड़ी सामाजिक सुरक्षा पहलों में से एक बन गई है।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा को आगामी विधानसभा चुनावों से भी जोड़कर देखा जा रहा है, जहां महिला मतदाताओं को साधने की रणनीति मानी जा रही है। कार्यक्रम में शामिल जीविका दीदियों और अन्य महिलाओं ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह फैसला उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा। एक महिला लाभार्थी ने कहा, “मुख्यमंत्री ने आज हमसे वह दिया जो हमने मांगा भी नहीं था। अब हमारी दशा सचमुच बदलेगी।”
इस पूरे कार्यक्रम की जानकारी मुख्यमंत्री सचिवालय से नक्षत्र न्यूज़ के संवाददाता मरगूब आलम ने साझा की। उन्होंने बताया कि यह निर्णय महिलाओं, दिव्यांगजनों और वृद्धों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। यह घोषणा राज्य में सामाजिक सुरक्षा की दिशा में बिहार सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है और जरूरतमंद वर्गों को सम्मानजनक जीवन जीने की दिशा में एक ठोस प्रयास है।