बिहार: लालू परिवार का नया घर हो सकता है जब्त? भाजपा ने जताई आशंका

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बीजेपी ने आज X (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें एक निर्माणाधीन घर दिखाया गया और उसे लालू परिवार का बताया गया। बीजेपी ने इस वीडियो के जरिए लालू और उनके परिवार को लूट-खसोट से संपन्न एकमात्र परिवार करार दिया। पार्टी ने इसे एक आलीशान महल बताते हुए कहा कि यह भ्रष्ट धन से बनाया जा रहा है। भाजपा ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा इस भवन को जब्त किए जाने की आशंका भी जताई है।

भा.ज.पा. ने ट्वीट करते हुए लिखा कि लालू परिवार का समाजवाद लूटखसोट से संपन्न है। पार्टी ने आरोप लगाया कि यह भवन लालू परिवार और उनकी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा ऐशोआराम के लिए बनाया जा रहा है। भाजपा ने इसके निर्माण के वीडियो को अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया है और कहा कि यह भवन पटना शहर के बीचोंबीच बन रहा एक महल है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इसमें ध्यान देने योग्य बात यह है कि ईडी ने पहले भी लालू परिवार की कई संपत्तियां जब्त की थीं। जुलाई 2023 में ईडी ने लालू परिवार और उनसे जुड़ी कंपनियों के 6 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की थीं, जिनमें दिल्ली, गाजियाबाद और पटना की संपत्तियां शामिल थीं। इनमें राबड़ी देवी के नाम पर फुलवारीशरीफ में एक भूखंड भी था।

अभी तक लालू प्रसाद 10, सर्कुलर रोड वाले सरकारी बंगले में रहते हैं, जो पूर्व मुख्यमंत्री के तौर पर राबड़ी देवी को आवंटित है। लेकिन अब विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर राबड़ी देवी को सरकार ने 39, हार्डिंग रोड स्थित बंगले में शिफ्ट होने का नोटिस जारी किया है।

इसी बीच चर्चा है कि लालू परिवार महुआ बाग में बन रहे अपने निजी भवन में शिफ्ट हो सकता है, बजाय इसके कि वे नए सरकारी बंगले में जाएं।

Share This Article