मतदाता सूची पुनरीक्षण पर कांग्रेस प्रभारी का तीखा हमला, कहा लोकतांत्रिक अधिकारों पर हो रहा है अघोषित प्रहार

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्ण अल्लाह वारु ने पटना पहुंचते ही चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव से पहले किए जा रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर गंभीर आपत्ति जताई और इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ बताया।

मीडिया से बातचीत में वारु ने कहा, “चुनाव आयोग द्वारा अपनाया जा रहा यह नया तरीका पूरी तरह से सवालों के घेरे में है। इसका उद्देश्य स्पष्ट नहीं है, और इससे बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा सकते हैं। हम इसका पुरजोर विरोध करते हैं और आगे भी करते रहेंगे।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि किसी भी बड़े फैसले से पहले जनता को जागरूक करना और सभी पक्षों को विश्वास में लेना जरूरी होता है, लेकिन इस मामले में पारदर्शिता की कमी है। उन्होंने आयोग से जवाब मांगते हुए कहा कि वह स्पष्ट करे कि यह प्रक्रिया इतनी जल्दबाज़ी में क्यों की जा रही है।

इसके साथ ही उन्होंने महागठबंधन की मेनिफेस्टो कमेटी की बैठक को लेकर भी महत्वपूर्ण बातें साझा कीं। उन्होंने कहा, “हमारा फोकस है– दवाई, कमाई, पढ़ाई, स्वास्थ्य और युवाओं को रोजगार। बिहार को आगे ले जाने के लिए इन्हीं पांच बिंदुओं पर हमारी रणनीति तैयार की जा रही है।” जब तेजस्वी यादव को महागठबंधन का संभावित मुख्यमंत्री चेहरा बताने संबंधी कन्हैया कुमार के बयान पर सवाल पूछा गया, तो वारु ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

Share This Article