सिटी पोस्ट लाइव
बक्सर। शनिवार को बक्सर समाहरणालय परिसर के सभाकक्ष में दिशा की बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़कों से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में बक्सर सांसद सुधाकर सिंह, सदर विधायक संजय कुमार तिवारी (मुन्ना तिवारी), और डुमरांव विधायक डॉ. अजित कुशवाहा समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
सांसद सुधाकर सिंह और सदर विधायक ने सदर अस्पताल में आईसीयू और अल्ट्रासाउंड सेवाओं को जल्द शुरू करने की मांग की। उनका कहना था कि इन सेवाओं के अभाव में गरीब मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि निजी अस्पतालों में उनकी आर्थिक शोषण हो रहा है। डीएम ने इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तुरंत कदम उठाने का निर्देश दिया और डॉक्टरों की रात्रिकालीन तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
सड़क निर्माण और रखरखाव का मुद्दा
डुमरांव विधायक डॉ. अजित कुशवाहा ने एनएच 120 की मरम्मत और डुमरांव बाइपास के अधूरे निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि मरम्मत के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत होने के बावजूद कार्य शुरू नहीं हुआ है। इसके लिए उन्होंने अभियंताओं और भू-अर्जन विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।

स्कूलों की सफाई पर सवाल
डुमरांव विधायक ने सरकारी स्कूलों में सफाई की लचर व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सफाई का काम निजी एजेंसियों को सौंपा गया है, लेकिन स्कूलों में स्थिति सुधारने के बजाय एजेंसियों को भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने इसकी जांच कराने की मांग की।
अन्य बिंदुओं पर चर्चा
बैठक में राजपुर विधायक विश्वनाथ राम, ब्रह्मपुर विधायक शंभूनाथ सिंह, जिला परिषद चेयरमैन सरोजा देवी, डीडीसी डॉ. महेंद्र पाल, एसपी शुभम आर्य समेत कई अन्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।