फिल्म ‘धुरंधर 2’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है और लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। फिल्म की इस बड़ी सफलता के बीच निर्देशक आदित्य धर ने उस शख्स के लिए खास आभार जताया है, जिसने पर्दे के पीछे रहकर फिल्म को असल मायनों में आकार दिया सिनेमैटोग्राफर विकास नौलखा।

‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ की सफलता सिर्फ स्क्रीन पर नजर आने वाले कलाकारों की वजह से नहीं है, बल्कि इसके पीछे काम करने वाली पूरी टीम की मेहनत भी उतनी ही अहम रही है। खासतौर पर विकास नौलखा की सिनेमैटोग्राफी ने फिल्म को एक अलग ही ऊंचाई दी है। रविवार को आदित्य धर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म के कुछ BTS फोटो शेयर किए। इन तस्वीरों में विकास नौलखा अपने काम के दौरान पूरी तल्लीनता और क्रिएटिविटी के साथ नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों के साथ आदित्य धर ने एक लंबा और भावुक नोट लिखा, जिसमें उन्होंने विकास की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा कि विकास नौलखा ‘धुरंधर’ टीम में शामिल होने वाले आखिरी विभाग प्रमुख (HOD) थे और वह भी शूटिंग शुरू होने से कुछ ही दिन पहले जुड़े। लेकिन उनका आना किसी सामान्य नियुक्ति जैसा नहीं था, बल्कि ऐसा लगा जैसे सही समय पर किस्मत ने खुद दखल दिया हो। आदित्य ने याद करते हुए बताया कि स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद विकास ने कहा था कि ऐसी फिल्म करने के लिए उन्होंने 30 साल इंतजार किया है और वह इसमें अपना सब कुछ झोंक देंगे और उन्होंने सच में ऐसा करके दिखाया।
आदित्य धर ने आगे बताया कि फिल्म की शूटिंग आसान नहीं थी। बेहद कठिन शेड्यूल, अफरा-तफरी भरे हालात और सीमित समय व बजट में दो फिल्मों जैसा काम करना, इन सबके बीच विकास नौलखा एक मजबूत स्तंभ की तरह खड़े रहे। अमृतसर की भीषण गर्मी से लेकर लेह की कड़ाके की ठंड तक, उन्होंने हर चुनौती का सामना किया लेकिन फिल्म के विजन से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि विकास को खास बनाती है उनकी सिर्फ मेहनत नहीं, बल्कि उनकी संवेदनशील नजर। कैमरे के पीछे उनकी भावनात्मक समझ और किसी दृश्य को महसूस करके उसे जीवंत बना देने की क्षमता अद्भुत है। ‘धुरंधर’ का हर फ्रेम इसलिए जीवंत लगता है क्योंकि उसमें विकास की आत्मा बसी हुई है।

आदित्य ने यह भी बताया कि सेट पर विकास के सुझाव कभी शोरगुल वाले नहीं होते थे, बल्कि बेहद सटीक और असरदार होते थे। वह हमेशा फिल्म को बेहतर बनाने की दिशा में काम करते रहे। उन्होंने सिर्फ दृश्यों को कैद नहीं किया, बल्कि उन्हें एक जीवन दिया। अपने नोट के अंत में आदित्य धर ने विकास नौलखा के प्रति गहरी कृतज्ञता, सम्मान और स्नेह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विकास ने इस फिल्म को सिर्फ बनाया नहीं, बल्कि जिया है और यही वजह है कि ‘धुरंधर’ को एक अलग पहचान और आत्मा मिली है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि यह उनकी साझेदारी की सिर्फ शुरुआत है और आगे वे मिलकर और भी शानदार कहानियां रचेंगे। बता दें कि विकास नौलखा इंडस्ट्री के एक अनुभवी और सम्मानित सिनेमैटोग्राफर हैं। उन्होंने ‘लापता लेडीज’, ‘रॉकेट सिंह: सेल्समैन ऑफ द ईयर’, ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट वन: शिव’ जैसी फिल्मों में अपने काम से खास पहचान बनाई है और हाल ही में ‘धुरंधर’ सीरीज में भी अपनी छाप छोड़ी है।