अक्सर हिंदी माध्यम के छात्र JEE और NEET जैसी बड़ी परीक्षाओं के नाम से ही सहम जाते हैं, उन्हें लगता है कि अंग्रेजी का ज्ञान न होना उनकी कमजोरी है। लेकिन सच तो यह है कि विज्ञान की अपनी कोई भाषा नहीं होती; न्यूटन के नियम या कोशिका की कार्यप्रणाली वैसी ही रहेगी, चाहे आप उसे किसी भी भाषा में समझें। आपकी सफलता का पैमाना आपकी “अंग्रेजी” नहीं, बल्कि आपकी “एप्रोच” और “कॉन्सेप्ट” पर पकड़ है।
यदि आप भी हिंदी माध्यम से हैं, तो इन रणनीतियों के साथ आप न केवल सफल हो सकते हैं, बल्कि टॉपर भी बन सकते हैं:-
विषय की गहराई (Core Concepts) पर ध्यान दें;
फिजिक्स के सिद्धांत या केमिस्ट्री की प्रतिक्रियाएं भाषा बदलने से नहीं बदलतीं। गुरुत्वाकर्षण का नियम हिंदी में भी वही है जो अंग्रेजी में। विशेषज्ञों का मानना है कि जो छात्र अपनी मातृभाषा में कॉन्सेप्ट समझते हैं, उनकी पकड़ अधिक मौलिक और गहरी होती है। इसलिए, अपनी भाषा को कमजोरी नहीं, अपनी ताकत बनाएं।

NCERT: आपका सबसे बड़ा अस्त्र;
NEET और JEE के लिए NCERT की किताबें किसी ‘गीता’ या ‘बाइबल’ से कम नहीं हैं। हिंदी में उपलब्ध NCERT की शब्दावली और व्याख्या बहुत सटीक है।
– बायोलॉजी: एक-एक लाइन को कई बार पढ़ें।
– केमिस्ट्री: इनऑर्गेनिक और ऑर्गेनिक के लिए NCERT को रट लें।
– फिजिक्स: उदाहरणों और बैक एक्सरसाइज को बार-बार हल करें।

‘बाइनोमियल’ दृष्टिकोण अपनाएं;
सफलता के लिए पूरी तरह हिंदी पर निर्भर रहने के बजाय तकनीकी शब्दों (Technical Terms) को अंग्रेजी में भी सीखें।
उदाहरण के लिए: यदि आप ‘वेग’ पढ़ रहे हैं, तो ‘Velocity’ शब्द से भी परिचित रहें। ‘कोशिका’ के साथ ‘Cell’ शब्द जानें। इससे न केवल आपको पेपर के दौरान अनुवाद समझने में आसानी होगी, बल्कि मेडिकल या इंजीनियरिंग कॉलेज की पढ़ाई भी आसान हो जाएगी।

डिजिटल क्रांति का लाभ उठाएं;
आज के समय में हिंदी माध्यम के छात्रों के लिए बेहतरीन संसाधन उपलब्ध हैं।
यूट्यूब और ऐप्स: हिंदी में उच्च स्तरीय वीडियो लेक्चर्स अब फ्री या कम कीमत पर उपलब्ध हैं।
ऑनलाइन टेस्ट सीरीज: हिंदी भाषा में मॉक टेस्ट और पुराने प्रश्नपत्र (PYQs) हल करें। इससे परीक्षा का फोबिया (डर) खत्म होगा और आपको अपनी गति का अंदाजा लगेगा।

अनुशासन और निरंतरता (Consistency);
एक टॉपर और एक औसत छात्र के बीच का अंतर केवल रणनीति का होता है।
– टाइम-टेबल: रोज का लक्ष्य तय करें।
– रिवीजन: जो आज पढ़ा, उसका हफ्ते के अंत में रिवीजन अनिवार्य है।
– कमजोर कड़ी: कठिन लगने वाले टॉपिक्स को छोड़ें नहीं, बल्कि उन पर दोगुना समय दें।