पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच जारी विवाद के बीच अब मामला सियासी गलियारों तक पहुंच गया है। शुक्रवार को ज्योति सिंह ने जनसुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर से मुलाकात की। दोनों के बीच जनसुराज कार्यालय में बंद कमरे में करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
वहीं, मुलाकात के बाद ज्योति सिंह और प्रशांत किशोर दोनों के बयान सामने आए, जिनसे साफ हो गया कि यह मुलाकात किसी राजनीतिक मकसद से नहीं, बल्कि एक सामाजिक मुद्दे से जुड़ी थी। ज्योति सिंह ने कहा कि वह किसी पद या टिकट की मांग के लिए नहीं, बल्कि अपने साथ हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और बिहार की महिलाओं के हक की लड़ाई के लिए आई हैं। वहीं प्रशांत किशोर ने भी स्पष्ट किया कि जनसुराज किसी पारिवारिक विवाद में दखल नहीं देगा, लेकिन महिलाओं की सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर हमेशा साथ रहेगा।
ज्योति सिंह के मुलाकात से पहले पीके ने कहा कि उनकी यह पहली मुलाकात नहीं है। करीब दो साल पहले भी वह अपने कुछ साथियों के साथ जनसुराज कार्यालय आई थीं, तब भी उन्होंने अपने पारिवारिक मामले पर बात की थी। उन्होंने यह भी कहा कि उस समय भी उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि यह एक निजी मामला है, जिसमें हस्तक्षेप करना उनके लिए उचित नहीं होगा।