सहरसा में ज़मीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, लाठी-डंडों से हमला, चार घायल

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
सहरसा जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार की रात एक ज़मीन विवाद ने हिंसक झड़प का रूप ले लिया। इस घटना में एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। घटना ने गांव में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह विवाद करीब 8 डिसमिल ज़मीन को लेकर चल रहा था, जिसकी नापी सोमवार को होनी थी, लेकिन किसी कारणवश यह प्रक्रिया टल गई। इसी बात को लेकर फारमान पक्ष और विरोधी गुट के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विरोधी पक्ष ने लाठी-डंडों से अचानक हमला कर दिया और घर में घुसकर लोगों को पीटा।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

झड़प में घायल हुए लोगों की पहचान बेचन बाखो (45), मुख्तार बाखो (60), जाहिरा (50) और रुखसाना (30) के रूप में हुई है। मुख्तार के बेटे के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनकी पत्नी और बेटी को भी बुरी तरह पीटा गया है। सभी घायलों का इलाज सहरसा सदर अस्पताल में चल रहा है।

घायल पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद जब वे थाने पहुंचे तो पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और उन्हें वहां से भगा दिया। हालांकि, स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।

नवहट्टा थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन ने बताया कि दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। वहीं, सहरसा एसडीपीओ आलोक कुमार ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने स्थानीय लोगों में असुरक्षा और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है, और ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

Share This Article