सिटी पोस्ट लाइव
समस्तीपुर (वारिसनगर) : बिहार सरकार की बहुप्रचारित सात निश्चय योजना के अंतर्गत आने वाली नल-जल योजना वारिसनगर प्रखंड के बसंतपुर रमणी पंचायत के वार्ड संख्या 14 में पूरी तरह फेल होती दिख रही है। करीब 1000 से अधिक की आबादी वाले इस वार्ड में 50 से ज्यादा परिवार आज भी साफ पेयजल से वंचित हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर दर्जनों की संख्या में ग्रामीण शनिवार को सड़क पर उतर आए और जल आपूर्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2016 में नल जल योजना के अंतर्गत स्ट्रक्चर तैयार कर दिया गया था, लेकिन पाइपलाइन और नल टोटी आज तक नहीं लगाए गए। राजों देवी, रेखा देवी, रुक्मिणी देवी, रंजू देवी सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि उन्हें पानी के लिए आज भी पड़ोसी पंचायतों या कुओं पर निर्भर रहना पड़ता है।
बार-बार शिकायतों के बावजूद स्थानीय जनप्रतिनिधि और सरकारी पदाधिकारियों ने इस समस्या की अनदेखी की, जिससे लोगों में गहरा आक्रोश है। चिलचिलाती गर्मी में पानी के लिए भटकते बच्चों और महिलाओं की स्थिति दयनीय बनी हुई है।
इस आंदोलन में वार्ड सदस्य मनोज साह, रामाश्रय साह, मुकेश साह, राम कुमार साह, विक्की साह, शंकर साह, गोपाल साह, अर्जुन साह, संतोष साह समेत कई ग्रामीण शामिल हुए।
बिहार सरकार द्वारा शुरू की गई यह योजना कई स्थानों पर सफल हुई है, लेकिन बसंतपुर रमणी पंचायत के वार्ड 14 में इसका अधूरा क्रियान्वयन प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है। अब ज़रूरत है कि प्रशासन तत्काल इस मामले में संज्ञान लेकर पीने के पानी की समस्या का समाधान करे।