सिटी पोस्ट लाइव
पटना। वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के एक विवादास्पद बयान पर अब बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कड़ा पलटवार किया है। तेजस्वी ने हाल ही में बयान दिया था कि अगर उनकी सरकार बनी तो वक्फ कानून को कूड़ेदान में फेंक देंगे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सम्राट चौधरी ने कहा, बेचारे की सरकार बनेगी ही नहीं, क्योंकि उनके पिता लालू यादव ने उन्हें उस लायक ही नहीं छोड़ा।
सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि तेजस्वी यादव को पहले यह साफ करना चाहिए कि उनके परिवार ने बिहार को किस हाल में छोड़ा। उन्होंने लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका शासन भ्रष्टाचार और घोटालों से भरा रहा है, जिससे राज्य की जनता को नुकसान हुआ।

वक्फ बिल को लेकर जनता में कोई भ्रम नहीं
सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक संसद से पारित हो चुका है और यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। इसे बहुमत का समर्थन प्राप्त है और यह जनता के कल्याण के लिए लाया गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल भ्रम फैलाने और अल्पसंख्यक समुदाय को भड़काने का प्रयास कर रहा है।
केवल सपनों में मुख्यमंत्री बनते हैं तेजस्वी
डिप्टी सीएम ने तेजस्वी यादव की राजनीतिक स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि “तेजस्वी केवल नींद में मुख्यमंत्री बनते हैं, वास्तविकता में उन्हें जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।” उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब जागरूक हो चुकी है और परिवारवाद की राजनीति से ऊपर उठकर विकास को प्राथमिकता दे रही है।
सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि लालू यादव ने जिस प्रकार से राज्य को पिछड़ेपन की ओर ढकेला, उसकी भरपाई आज की सरकार कर रही है। नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार तरक्की की राह पर है, और तेजस्वी जैसे नेता सिर्फ खोखले वादे कर सकते हैं।