तेजस्वी यादव का हमला: “देश किसी एक का नहीं, सबका है वोटर लिस्ट से नाम हटाने की हो रही है साजिश”

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पटना के गांधी मैदान में आयोजित वक्फ संशोधन बिल के विरोध में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह देश किसी के बाप का नहीं, बल्कि हम सबका है – हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, सभी ने इस देश की आज़ादी के लिए कुर्बानियाँ दी हैं।

तेजस्वी यादव ने कहा, “इतिहास का एक-एक पन्ना चीख-चीखकर गवाही देता है कि इस देश की आज़ादी के लिए असफाकुल्लाह खान से लेकर भगत सिंह तक, हर मजहब के लोगों ने अपनी जान दी है।” उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश को धर्म और जाति के नाम पर बाँटने की साजिश की जा रही है, और वक्फ बिल उसी मानसिकता की उपज है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

वोटर लिस्ट से नाम हटाने की आशंका जताई

तेजस्वी ने भारतीय चुनाव आयोग के नए नोटिफिकेशन का ज़िक्र करते हुए कहा कि लगभग 8 करोड़ लोगों को दोबारा दस्तावेज़ जमा करने होंगे, तभी उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल किया जाएगा। उन्होंने इसे एक साजिश करार देते हुए कहा, “यह शुरुआत है, पहले नाम वोटर लिस्ट से हटेगा, फिर पेंशन से, फिर राशन से। ये लोग देश को बाँटने का काम कर रहे हैं।” उन्होंने जनता से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग इस प्रक्रिया पर नजर रखें और यह सुनिश्चित करें कि किसी का नाम वोटर लिस्ट से न हटे।

“हम हैं तो कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता”

तेजस्वी यादव ने भरोसा दिलाते हुए कहा, “हम लोग हैं, इसलिए डरने की ज़रूरत नहीं है। हम हर साजिश का मुकाबला करेंगे। देश को तोड़ने की कोशिश हो रही है, लेकिन हम इसे सफल नहीं होने देंगे।” उन्होंने सभा के अंत में एक बार फिर दोहराया कि देश की आत्मा को बचाने के लिए सबको एकजुट होना होगा, क्योंकि यह देश हर नागरिक का है, किसी एक पार्टी या धर्म का नहीं।

Share This Article