पटना: स्वतंत्रता सेनानी, समाजसेवी और शिक्षाविद् स्व० दशरथ शुक्ल की 24वीं पुण्यतिथि दशरथ सामाजिक-शैक्षणिक स्मृति समिति के तत्वाधान में समिति कार्यालय, “योगमाया कुटीर, 29-सीताराम पथ, पश्चिमी पटेल नगर, पटना” में श्रद्धापूर्वक मनाई गई।
दरअसल, इस अवसर पर स्व० शुक्ल के चित्र पर पुष्प एवं पुष्पमाला अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया गया। उपस्थित गणमान्य लोगों ने उनके जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और शिक्षा तथा समाज सेवा में किए गए कार्यों पर विस्तृत चर्चा की। वहीं, पूर्व विधायक अजय कुमार सिंह ने कहा कि स्व० शुक्ल ने सारण प्रमंडल में दर्जनों विद्यालयों की स्थापना कर शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय रहने के बावजूद उन्होंने सरकार की सुविधाओं से स्वयं को वंचित रखा, जो उनके सादगीपूर्ण और आदर्श जीवन का प्रतीक है। और पूर्व विधायक दिलीप राय ने बताया कि आजादी के बाद भी स्व० शुक्ल ने कांग्रेस राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई, लेकिन राजनीतिक विसंगतियों के कारण उन्होंने धीरे-धीरे राजनीति से दूरी बनाकर समाज सेवा को जीवन का उद्देश्य बना लिया। साथ ही पूर्व विधायक शत्रुम्न तिवारी ने उनके त्यागपूर्ण और सेवा भावपूर्ण जीवन की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज की राजनीति में ऐसे चरित्रों की कमी है, और समाज को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उनके परिवारजन भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उनकी पुत्रवधु श्रीमती पूनम शुक्ल, पुत्र डॉ. कमलदेव नारायण शुक्ल, पौत्री कृतिका गर्ग और पौत्र नमन गर्ग ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस कार्यक्रम में पाटलिपुत्र कॉपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष, जल संसाधन विभाग के अपर सचिव, बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व पदाधिकारी, भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता, शिक्षाविद्, अधिवक्ता और समाजसेवी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। हालांकि, अंत में धन्यवाद ज्ञापन समिति के सचिव डॉ. रविन्द्र पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम के पश्चात बेली रोड स्थित महावीर मंदिर के पास भिक्षुओं में नास्ता वितरण भी किया गया।