बंधक भाई को छुड़ाने पहुंचे मक्का कारोबारी की हत्या, रील बनाने को लेकर हुआ था विवाद; पूर्णिया में तनाव…

Ritu Raj

बिहार के पूर्णिया जिले में मंगलवार (27 जनवरी, 2026) को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया। शहर के बड़े कारोबारी और मक्का व्यवसाय से जुड़े सूरज बिहारी की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना मरंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेवा लाल चौक के पास उस समय हुई, जब वे अपनी गाड़ी से उतर रहे थे।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें सूरज बिहारी को तीन गोलियां लगीं। गोली लगते ही उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बीच-बचाव के लिए पहुंचे उनके निजी सुरक्षा गार्ड प्रेम कुमार और फुफेरे भाई पर भी बदमाशों ने फायरिंग की, जिसके बाद दोनों किसी तरह जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहे। मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के खुश्कीबाग चौहान टोला निवासी जवाहर यादव के पुत्र सूरज बिहारी के रूप में की गई है। वे शहर के सबसे बड़े मक्का गोदाम के संचालक थे और एक प्रभावशाली व्यवसायी के रूप में जाने जाते थे। इस हत्याकांड का आरोप नेवा लाल चौक निवासी दो भाइयों—ब्रजेश सिंह और नंदू सिंह—पर लगाया गया है। वारदात के बाद से दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। निजी गार्ड प्रेम कुमार के अनुसार, सरस्वती पूजा के दिन इंस्टाग्राम रील बनाने को लेकर सूरज बिहारी के छोटे भाई उदय यादव और उसके दोस्तों का ब्रजेश व नंदू सिंह से विवाद हुआ था, जिसे उस समय आपसी समझौते से शांत करा दिया गया था।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह एक बार फिर ब्रजेश और नंदू सिंह ने उदय यादव के एक ब्लॉगर मित्र को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलने पर उदय मौके पर पहुंचा, जहां आरोपियों ने उसे भी बंधक बनाकर पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद उदय ने फोन कर पूरे मामले की जानकारी अपने बड़े भाई सूरज बिहारी को दी। सूचना मिलते ही सूरज बिहारी अपने निजी गार्ड के साथ ब्लैक स्कॉर्पियो से नेवा लाल चौक पार्क पहुंचे। आरोप है कि जैसे ही वे वाहन से नीचे उतरे, पहले से मौजूद ब्रजेश और नंदू सिंह ने अपने 20 से 25 साथियों के साथ मिलकर उन पर गोलियां बरसा दीं। सूरज को पीठ, कमर के ऊपर और हाथ में गोली लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार और सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और परिजनों का बयान दर्ज किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Share This Article