सिटी पोस्ट लाइव
भागलपुर: जिले में भू-माफियाओं की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। हाल ही में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जिसमें अपराधियों ने एक व्यक्ति को पहले शराब पिलाई, फिर बंदूक की नोक पर जबरन उसकी बहुमूल्य जमीन अपने नाम लिखवा ली। सूत्रों के अनुसार, भू-माफिया पहले जमीन मालिक से दोस्ती कर भरोसा जीतते हैं। फिर उन्हें शराब या नशे की अन्य सामग्री देकर बेसुध कर देते हैं। जब व्यक्ति पूरी तरह होश खो बैठता है, तो उसे जबरन रजिस्ट्री कार्यालय ले जाकर जमीन की दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करवा लेते हैं।

फिल्मी अंदाज में जमीन हड़पने का मामला
ऐसा ही एक मामला तिलकपुर पंचायत, सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में सामने आया है, जहां अमित झा को भू-माफियाओं ने धोखे से शराब पिलाई और फिर बंदूक दिखाकर उनकी लाखों की जमीन अपने नाम लिखवा ली। परिजनों को जब इस घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत पुलिस और रजिस्ट्रार को इसकी सूचना दी। लेकिन अब तक न तो जमीन की रजिस्ट्री रद्द हुई है और न ही भू-माफियाओं के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई है। पीड़ित अमित झा और उनके वकील ने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है, ताकि दोषियों को सजा मिले और इस तरह के अपराधों पर रोक लग सके।