सिटी पोस्ट लाइव
राजधानी में एक डॉक्टर की पत्नी की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला का शव उनके आवास पर फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना के तुरंत बाद पति अपने बच्चों को लेकर घर से फरार हो गया, जिससे संदेह और गहरा गया है। मृतका के परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को घटना की सूचना तब मिली जब परिजन मौके पर पहुंचे और शव को पहले ही पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका था। इसके बाद पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद रही और साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। वहीं, मृतका के परिजनों का आरोप है कि पति लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। फिलहाल आरोपी डॉक्टर की तलाश की जा रही है और पुलिस उसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
यह मामला राजधानी में घरेलू हिंसा और महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता का विषय बना है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।