‘लेडी सिंघम’ काम्या मिश्रा का इस्तीफा मंजूर! पुलिस सेवा को कहा अलविदा

हाई-प्रोफाइल केस सुलझाने वाली दमदार अफसर ने आखिर क्यों छोड़ी नौकरी?

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

नई दिल्ली/पटना। बिहार की तेज़तर्रार आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा ने पुलिस सेवा से इस्तीफा दे दिया है, जिसे केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। महज 22 साल की उम्र में आईपीएस बनने वाली काम्या ने 5 अगस्त 2024 को निजी कारणों का हवाला देते हुए अपना इस्तीफा सौंपा था। लंबे समय तक लंबित रहने के बाद अब मोदी सरकार ने इस पर अंतिम मुहर लगा दी है। काम्या मिश्रा का नाम बिहार पुलिस में तेज़तर्रार और निडर अफसरों में शुमार रहा है। अपने छोटे से कार्यकाल में उन्होंने कई हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच की और अपराधियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिए।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

खासकर दरभंगा में ग्रामीण एसपी के तौर पर उन्होंने कई अहम केस सुलझाए, जिनमें विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी हत्याकांड भी शामिल था। इस हत्याकांड की जांच के लिए गठित विशेष टीम का नेतृत्व खुद काम्या कर रही थीं। उन्होंने बेहद कम समय में मामले को सुलझा लिया और अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया। उनकी इसी काबिलियत के कारण बिहार में उन्हें ‘लेडी सिंघम’ के नाम से जाना जाता है।

22 साल की उम्र में बनीं थीं IPS, पति भी IPS

ओडिशा की रहने वाली काम्या बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल थीं। 12वीं बोर्ड में 98% अंक हासिल करने के बाद उन्होंने यूपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू की और अपने पहले ही प्रयास में 2019 में 172वीं रैंक हासिल कर IPS बन गईं। उनकी पहली पोस्टिंग हिमाचल प्रदेश कैडर में हुई थी, लेकिन उन्होंने बाद में बिहार कैडर में ट्रांसफर ले लिया। काम्या का हमेशा से लक्ष्य कानून व्यवस्था को मजबूत करना और अपराधियों पर शिकंजा कसना रहा है। अपने 5 साल के छोटे लेकिन प्रभावशाली करियर में उन्होंने पुलिसिंग में एक अलग पहचान बनाई। काम्या मिश्रा के पति अवधेश सरोज भी बिहार कैडर के 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। अवधेश ने आईआईटी बॉम्बे से बीटेक किया है और दोनों की शादी 2021 में हुई थी।

पहले भी बड़े अधिकारियों ने छोड़ी नौकरी

काम्या मिश्रा दूसरी बड़ी आईपीएस अधिकारी हैं जिन्होंने हाल के दिनों में अपनी नौकरी छोड़ी है। इससे पहले पूर्णिया रेंज के आईजी शिवदीप लांडे ने भी पुलिस सेवा से इस्तीफा दिया था। लांडे के राजनीति में आने की चर्चा थी, लेकिन उन्होंने ऐसी किसी संभावना से इनकार कर दिया था। अब काम्या मिश्रा को लेकर भी कई अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या वे राजनीति में कदम रखेंगी या किसी अन्य क्षेत्र में नई पारी शुरू करेंगी।

6 अगस्त को दिया था इस्तीफा, 27 अगस्त से अवकाश पर

काम्या मिश्रा ने 6 अगस्त 2024 को पुलिस मुख्यालय को इस्तीफा भेजा था, लेकिन जब इस पर कोई फैसला नहीं हुआ तो वे 27 अगस्त से लंबी छुट्टी पर चली गईं। उन्होंने 180 दिनों का अवकाश लिया और फिर ड्यूटी पर वापस नहीं लौटीं। आखिरकार, महीनों तक अटके रहने के बाद केंद्र सरकार ने उनके इस्तीफे को स्वीकार कर लिया।

अब राजनीति या कोई नया मिशन?

काम्या मिश्रा का इस्तीफा स्वीकृत होने के बाद अब चर्चाएं तेज हो गई हैं कि वे आगे क्या करने वाली हैं। क्या वे राजनीति में आएंगी? क्या वे किसी बड़े निजी संस्थान से जुड़ेंगी? या फिर कोई नया मिशन शुरू करेंगी? बिहार में ‘लेडी सिंघम’ के नाम से मशहूर काम्या मिश्रा का इस्तीफा पुलिस सेवा के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। अब देखना होगा कि यह दमदार अफसर किस नई राह पर कदम रखती हैं!

Share This Article