सिटी पोस्ट लाइव
रोहतास। कच्छवां थाना क्षेत्र के तुर्क बिगहा गांव में प्रेम-प्रसंग को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई है। एक युवक ने अपने प्रतिद्वंद्वी को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी इनायतुल्लाह खान को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ा
बिक्रमगंज SDPO कुमार संजय ने बताया कि गुरुवार देर शाम कच्छवां थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि गांव में गोलीबारी हुई है और एक युवक घायल हो गया है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित की मां नुजहत खातून के बयान पर FIR दर्ज कर आरोपी के खिलाफ छापेमारी की गई। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया और उसके बयान के आधार पर घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया।

प्रेम त्रिकोण बना हमले की वजह
जानकारी के मुताबिक, घायल युवक सबीर खान गांव की एक महिला से प्रेम करता था। दूसरी ओर, आरोपी इनायतुल्लाह खान भी उसी महिला को पसंद करता था। गुरुवार की शाम जब सबीर खान महिला के साथ खेत में बैठकर बात कर रहा था, तभी इनायतुल्लाह खान ने गुस्से में आकर उस पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया।
आरोपी के पास से हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का देशी कट्टा और 8MM का एक खाली कारतूस बरामद किया है। फिलहाल, आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है, जबकि घायल सबीर खान का इलाज अस्पताल में जारी है।