पूर्व बाहुबली विधायक मुन्ना शुक्ला की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना लाया गया है। फिलहाल उनका इलाज पटना के आईजीआईएमएस (IGIMS) अस्पताल में चल रहा है।
जेल अधीक्षक के अनुसार, मुन्ना शुक्ला की आंख के रेटीना में समस्या सामने आई थी। इसी कारण उन्हें भागलपुर जेल से पहले पटना के बेऊर जेल और फिर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है और जल्द ही मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया जाना है। बताया गया है कि करीब 15 दिन पहले मुन्ना शुक्ला को आंख में तेज दर्द की शिकायत हुई थी। उस समय भागलपुर में उनका इलाज कराया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर करने की सलाह दी। इसके बाद प्रशासन ने उन्हें पटना शिफ्ट कराया। गौरतलब है कि विजय कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना शुक्ला पूर्व मंत्री बृज बिहारी प्रसाद हत्याकांड में सजायाफ्ता हैं। इस मामले में पटना हाईकोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। फैसले के खिलाफ मुन्ना शुक्ला ने सुप्रीम कोर्ट में समीक्षा याचिका दायर की थी, लेकिन वहां भी हाईकोर्ट के निर्णय को बरकरार रखा गया।
फिलहाल मुन्ना शुक्ला इसी मामले में जेल की सजा काट रहे हैं। विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले उन्हें बेऊर जेल से भागलपुर जेल स्थानांतरित किया गया था। अब स्वास्थ्य कारणों से एक बार फिर उन्हें इलाज के लिए पटना लाया गया है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1998 में तत्कालीन मंत्री और राजद नेता बृज बिहारी प्रसाद की हत्या पटना के आईजीआईएमएस में इलाज के दौरान कर दी गई थी। इस सनसनीखेज मामले में उत्तर प्रदेश के कुख्यात डॉन श्रीप्रकाश शुक्ला, मुन्ना शुक्ला, मंटू तिवारी, राजन तिवारी, सतीश पांडेय समेत कई अन्य लोगों के नाम सामने आए थे।