सिटी पोस्ट लाइव
पटना: दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे के बाद दानापुर रेल मंडल पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए बिहार पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें विभिन्न स्टेशनों पर तैनात की गई हैं। पटना जंक्शन पर बिहार पुलिस की 130 सदस्यीय टीम और एसडीआरएफ की 30 सदस्यीय टीम मुस्तैद रहेगी, जबकि दानापुर में 70 पुलिसकर्मियों के साथ एसडीआरएफ के जवान तैनात किए गए हैं।
राजेंद्र नगर में एसडीआरएफ के 90 और सीआरपीएफ के 20 जवानों की तैनाती की गई है। आरा और बक्सर स्टेशन पर भी विशेष सुरक्षा बलों की मौजूदगी रहेगी। इसके अलावा, दानापुर रेल मंडल के प्रमुख स्टेशनों दानापुर, पटना, राजेंद्र नगर, आरा और बक्सर पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया जाएगा ताकि अवैध यात्रियों की एंट्री रोकी जा सके।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रिजर्व टिकट वाले यात्रियों की सुविधा के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। स्लीपर और अन्य आरक्षित कोच में केवल वैध टिकट धारकों को ही प्रवेश मिलेगा, जबकि जनरल टिकट धारकों को चढ़ने से रोका जाएगा। स्टेशन परिसर के बाहर सर्कुलेटिंग एरिया बनाया गया है, जहां बिना टिकट यात्रियों को रोका जाएगा और उन्हें पहले टिकट लेने के लिए कहा जाएगा।
कुंभ मेले में जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। रेलवे प्रशासन ने साफ किया है कि केवल अधिक भीड़ होने की स्थिति में ही विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिसकी जानकारी अनाउंसमेंट के माध्यम से दी जाएगी। कुंभ स्पेशल ट्रेन, जो प्लेटफार्म नंबर 1 से रवाना होगी, उसके लिए भी विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
दानापुर रेल मंडल के वरीय सुरक्षा आयुक्त प्रकाश कुमार पांडा ने बताया कि आरपीएफ की 700 टीमों के अलावा बिहार पुलिस की 250 से अधिक टीमें भी सुरक्षा के लिए तैनात की गई हैं। सागर से भी 90 सुरक्षाकर्मियों को बुलाया गया है ताकि स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण किया जा सके। बिहार सरकार से विशेष अनुरोध के बाद अतिरिक्त सुरक्षा बलों की मांग की गई थी, जिसे प्रमुख स्टेशनों पर तैनात किया गया है ताकि यात्रियों की यात्रा सुगम और सुरक्षित हो।