सिटी पोस्ट लाइव
पटना: तेजस्वी यादव की “माई-बहिन “योजना ने बिहार में NDA की नींद उड़ा दी है. महिलाओं का झुकाव इस योजना की वजह से आरजेडी की तरफ होने लगा है. इसकी एक बानगी महिला अन्तराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर पटना के बापू सभागार में आरजेडी के कार्यक्रम में दिखाई दी. इस कार्यक्रम में आनेवाली कई महिलाओं का कहना था कि वो पहले बीजेपी को वोट देती थीं लेकिन “माई-बहिन” योजना की वजह से इसबार आरजेडी को देगी.
महाराष्ट्र, झारखण्ड और दिल्ली के चुनाव में बीजेपी महिला सम्मान योजना का असर देख चुकी है. महाराष्ट्र और दिल्ली में उसने सरकार बना ली वहीं इसी योजना के जरिये हेमंत ने झारखण्ड में बीजेपी को धुल चटा दी. अब इस योजना के जरिए NDA बिहार जीतने की तैयारी में जुट गई है. दिल्ली, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की तर्ज पर बिहार में एनडीए सरकार महिला सम्मान योजना शुरू कर सकती है. सूत्रों के अनुसार योजना की राशि और इसके लिए जरूरी मानदंडों को लेकर विचार चल रहा है. जुलाई में इस योजना की घोषणा की जा सकती है. बिहार सरकार की कोशिश है कि चुनाव से पहले महिलाओं के बैंक खातों में राशि पहुंचने लगे.
बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होनेवाले हैं. चुनावी राज्यों में इस योजना से बीजेपी को अच्छा फायदा मिला है. महाराष्ट्र, हरियाणा और मध्य प्रदेश की सत्ता हासिल करने में बीजेपी की ‘महिला सम्मान योजना’ गेम चेंजर साबित हुई है. दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भी बीजेपी ने महिला से वादा किया था कि ‘महिला सम्मान योजना’ के तहत उन्हें हर महीने 2500 रुपये दिए जाएंगे. जिसके चलते दिल्ली की जनता का साथ बीजेपी को मिला. राजधानी में बीजेपी का 27 वर्षों का वनवास खत्म हुआ. इसी तरह ‘महिला सम्मान योजना’ की मदद से राजस्थान, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी चुनाव जीतने में मदद मिली.