सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण के विरोध में महागठबंधन द्वारा बुलाए गए बिहार बंद का व्यापक असर मंगलवार को भागलपुर में भी देखने को मिला। सुबह से ही महागठबंधन से जुड़े राजद, कांग्रेस, वाम दलों और अन्य घटक दलों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर टायर जलाकर आवागमन बाधित किया गया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। कार्यकर्ताओं ने सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया को पक्षपातपूर्ण और अव्यवस्थित बताया।
बंद के कारण स्कूल, कॉलेज, दुकानें और बाजार भी प्रभावित हुए। सुबह से ही शहर की रफ्तार थम गई और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों को अस्पताल, स्टेशन और दफ्तर पहुंचने में दिक्कत हुई।
हालात को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है और संवेदनशील क्षेत्रों में अधिकारियों ने फ्लैग मार्च भी किया। हालांकि दोपहर तक स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन शहर में अब भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। महागठबंधन का कहना है कि सरकार मतदाता सूची में छेड़छाड़ कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करना चाहती है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।