सिटी पोस्ट लाइव
स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने जहानाबाद के डीएसपी संजीव कुमार के ठिकानों पर छापेमारी कर करोड़ों की बेनामी संपत्ति का खुलासा किया है। यह छापेमारी पटना, जहानाबाद और खगड़िया में एक साथ की गई। डीएसपी संजीव कुमार पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
छापेमारी के दौरान, SVU को डीएसपी के पास से अकूत संपत्ति के दस्तावेज़ मिले हैं। इसमें बेगूसराय में 23.50 लाख रुपये की कृषि योग्य जमीन, खगड़िया में 20 लाख रुपये का एक प्लॉट, और समस्तीपुर में 11 लाख रुपये का एक भूखंड शामिल है। इसके अलावा, उनकी पत्नी के नाम से 10 ट्रकों के मालिक होने के सबूत भी मिले हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये है।
डीएसपी संजीव कुमार के पास पटना में एक चार मंजिला मकान और खगड़िया में एक बहुमंजिला मकान भी पाया गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वह पटना में एक बड़े अस्पताल के भी मालिक निकले। छापेमारी में 38 लाख रुपये के जेवरात भी जब्त किए गए हैं। उनके और उनकी पत्नी के नाम से एसबीआई, पीएनबी, बैंक ऑफ इंडिया और आईडीबीआई सहित कई बैंकों में खाते होने का पता चला है।
यह भी जानकारी मिली है कि डीएसपी संजीव कुमार कई सालों तक मुख्यमंत्री की सुरक्षा में भी तैनात रहे थे। देर रात तक चली इस छापेमारी में कई महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए गए हैं, जिनकी अभी जांच चल रही है। SVU का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।