बिहार में टूटेगा गर्मी का रिकॉर्ड! 2025 के मुकाबले अप्रैल 2026 होगा ज्यादा खतरनाक; लू और आंधी-बारिश को लेकर बड़ा अपडेट…

Ritu Raj

बिहार में अप्रैल 2026 का मौसम इस बार गर्मी और बदलाव, दोनों का मिला-जुला असर दिखाने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, महीने के दूसरे हफ्ते से राज्य में हीट वेव की स्थिति बन सकती है, और दिन-रात दोनों समय तापमान सामान्य से ज्यादा रहने के आसार हैं।

आमतौर पर अप्रैल में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 से 24 डिग्री के बीच रहता है, लेकिन इस बार पारा इससे ऊपर जा सकता है। हालांकि, एक अहम बदलाव यह है कि तेज गर्मी के साथ-साथ इस बार बारिश भी अपेक्षाकृत ज्यादा हो सकती है, जिससे मौसम में बीच-बीच में राहत मिलने की संभावना है। अगर पिछले साल यानी अप्रैल 2025 की बात करें, तो उस समय राज्य में भीषण गर्मी का प्रकोप था। गया, पटना और औरंगाबाद जैसे इलाकों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। पूरे महीने हीट वेव चली और बारिश लगभग न के बराबर हुई, जिससे दिन और रात दोनों समय लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पाई। वहीं, अप्रैल 2026 में गर्मी तो तेज रहेगी, लेकिन मौसम का पैटर्न थोड़ा अलग रहेगा। इस बार राज्य में सामान्य से अधिक वर्षा की संभावना जताई गई है। इसका मतलब है कि तेज धूप और लू के बीच-बीच में आंधी और बारिश का दौर भी देखने को मिल सकता है, जिससे तापमान में अस्थायी गिरावट आ सकती है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

अप्रैल में आमतौर पर आसमान साफ रहता है, जिससे सूरज की किरणें सीधे जमीन पर पड़ती हैं और तापमान तेजी से बढ़ता है। साथ ही पश्चिम और उत्तर-पश्चिम से चलने वाली गर्म और सूखी हवाएं, जिन्हें लू कहा जाता है, वातावरण की नमी कम कर देती हैं और गर्मी को और बढ़ा देती हैं। फिलहाल मौसम सामान्य रहने का अनुमान है, लेकिन तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। 5 अप्रैल तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवाएं बनी रहेंगी। इसके बाद 6 अप्रैल से मौसम में बदलाव के संकेत हैं, जब कई जिलों में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जहां तक पटना का सवाल है, आज यहां मौसम गर्म और शुष्क रहेगा। सुबह से ही तेज धूप रहेगी और दोपहर में गर्मी अपने चरम पर पहुंच सकती है। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 से 26 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। बारिश के आसार नहीं हैं, हालांकि शाम के समय थोड़ी राहत महसूस हो सकती है।

Share This Article