सिटी पोस्ट लाइव
पटना में आयोजित राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लालू प्रसाद यादव को एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। वे अब 2028 तक इस पद पर बने रहेंगे। इस अधिवेशन में पार्टी नेताओं ने एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर जोर दिया और केंद्र एवं राज्य की NDA सरकार पर तीखा हमला बोला।
राबड़ी देवी ने तोड़ी चुप्पी, NDA पर साधा निशाना
अधिवेशन के दौरान पहली बार राबड़ी देवी ने पारिवारिक विवाद को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “हर घर में बंटवारा होता है, हमारे बोलने से क्या फर्क पड़ेगा?” साथ ही उन्होंने NDA सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बिहार को इनकी सरकार ने कुछ नहीं दिया। “अगर इन्होंने विकास किया होता, तो जनता के बीच घूमने की नौबत नहीं आती,” उन्होंने तंज कसा।
लालू यादव की अपील: एकजुट होकर लड़ें चुनाव
लालू यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “तेजस्वी दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, हमें चुनाव में पूरी ताकत झोंकनी है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से गरीबों तक पहुंचने और बीजेपी के खिलाफ उसका असली चेहरा उजागर करने की अपील की। अपने भाषण के अंत में उन्होंने राबड़ी देवी का धन्यवाद भी किया।

तेजस्वी यादव का क्रांति का आह्वान
तेजस्वी यादव ने कहा कि इस बार पार्टी का टिकट उसी को मिलेगा, जो जनता के बीच रहेगा और जमीनी स्तर पर काम करेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी में चमचागिरी और ‘गणेश परिक्रमा’ करने वालों को प्राथमिकता नहीं दी जाएगी। तेजस्वी ने कहा, “जो मेहनत करेगा, वही आगे बढ़ेगा। पार्टी सर्वे करवा रही है कि कौन कार्यकर्ता वास्तव में मजबूत कर रहा है संगठन को।”
सरकार पर हमले, कानून-व्यवस्था पर सवाल
तेजस्वी ने गोपाल खेमका की हत्या का मुद्दा उठाते हुए बिहार सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने मंत्री अशोक चौधरी पर भी व्यंग्य किया और कहा कि वे बिना परीक्षा या इंटरव्यू दिए प्रोफेसर कैसे बन गए?