बिहार में आसमान फिर हुआ मेहरबान, भारी बारिश से ठंड ने पकड़ी रफ्तार…

Ritu Raj

बिहार में मौसम के बदलाव के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया है। राज्यभर में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार और शुक्रवार को 17 जिलों में भारी वर्षा, मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। उत्तर बिहार के जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि दक्षिण बिहार में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, आंध्र प्रदेश तट से उठा चक्रवाती तूफान ‘मोथा’ 15 किमी/घंटा की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में सक्रिय है। तेलंगाना, ओडिशा व छत्तीसगढ़ होते हुए इसका प्रभाव बिहार पहुंच गया है, जिसके कारण वज्रपात की संभावना बढ़ी है। ऐसे में सभी जिलों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, IMD के अनुसार, शुक्रवार को राज्य के लगभग सभी जिलों में वर्षा और अधिक सक्रिय होगी। 1 नवंबर को भी कई क्षेत्रों में बारिश रहेगी, लेकिन 2 नवंबर से तीव्रता कम होकर मौसम सामान्य होने लगेगा। बारिश के साथ तापमान में 4 से 6 डिग्री की गिरावट हो सकती है, जिससे नवंबर की शुरुआत में ठंड का असर महसूस होने लगेगा।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

गौरतलब है कि बुधवार को गया जिले के डोभी क्षेत्र में सबसे अधिक 72 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि सिवान में 20.02 मिमी, औरंगाबाद में 10.2 मिमी, भभुआ में 7.6 मिमी, पूर्वी चंपारण में 4.2 मिमी, बक्सर में 3.5 मिमी और सीतामढ़ी में 2.5 मिमी बारिश हुई। राजधानी पटना, नालंदा, बांका और जमुई में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। साथ ही राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बिहार में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा।

Share This Article