बेगूसराय में दहेज बना काल, पति की पिटाई से घायल अंजलि की मौत, ससुराल वाले फरार!

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दहेज की लालच में एक निर्दोष विवाहिता की जान ले ली गई। पति की पिटाई से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

यह घटना बेगूसराय के लाखों थाना क्षेत्र के सीतारामपुर गांव की है, जहां मनोज राय की पत्नी अंजली देवी की पति द्वारा की गई मारपीट के चलते मौत हो गई। मृतका के पिता ने बताया कि दामाद लगातार अंजलि के साथ मारपीट करता था और हाल ही में दहेज में मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था। पिता ने उसे बाद में देने की बात कही थी, लेकिन इसी बात को लेकर मनोज राय ने अपनी पत्नी अंजलि को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। 

गंभीर हालत में अंजलि को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पीड़ित पिता ने लाखों थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया और आगे की जांच में जुट गई है।  मिली जानकारी के अनुसार, अंजलि की शादी महज एक साल पहले ही बड़ी धूमधाम से मनोज राय से हुई थी, लेकिन दहेज की लालसा ने इस नवविवाहिता की जिंदगी छीन ली।

अंजलि की मौत के बाद उसका पति समेत पूरा ससुराल परिवार फरार हो गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है और जल्द ही गिरफ्तारी की बात कह रही है। बेटी के पिता ने बताया कि “मेरी बेटी को दहेज की लालच में मार दिया गया। मैं कई बार समझौता करता था, लेकिन मेरी बेटी को रोज़ पीटा जाता था। अब मेरी अंजलि नहीं रही। मैं अपनी बेटी के लिए न्याय चाहता हूं!” 

Share This Article